जगदलपुर । बस्तर जिले में राशन कार्डधारकों के लिए ई-केवाईसी कराने की अंतिम समय सीमा नजदीक आ गई है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि 15 जुलाई के बाद ई-केवाईसी का दूसरा मौका नहीं दिया जाएगा। जिले में अब भी 83 हजार से अधिक हितग्राहियों का सत्यापन लंबित है।
विभाग के अनुसार, ई-केवाईसी का मुख्य उद्देश्य राशन कार्ड से अपात्र, मृत और डुप्लीकेट नामों को हटाना है। इसके लिए राशन दुकानों में आधार आधारित मशीनों के माध्यम से हितग्राहियों का सत्यापन किया जा रहा है।
सबसे अधिक लंबित मामले जगदलपुर और बस्तर विकासखंड में सामने आए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी, बायोमेट्रिक मशीनों में तकनीकी समस्या और परिवारों के स्थान परिवर्तन जैसे कारणों से कई लोग अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं।
प्रशासन ने लंबित ई-केवाईसी को पूरा कराने के लिए सभी विकासखंडों में विशेष अभियान शुरू किया है। इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है, ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों का सत्यापन समय पर पूरा किया जा सके।
खाद्य विभाग ने राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूरी कराएं। समय पर सत्यापन नहीं कराने वाले हितग्राहियों का राशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावित हो सकता है।







