प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। ऑकलैंड के प्रसिद्ध स्काई टावर को प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में विशेष रोशनी से सजाया गया, जो दोनों देशों के बीच दोस्ती का प्रतीक बन गया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,
“ऑकलैंड में प्रधानमंत्री का खास स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड दौरे के स्वागत में वहां के मशहूर स्काई टावर को खास रोशनी से सजाया गया। यह दोनों देशों के बीच दोस्ती और अच्छे रिश्तों का प्रतीक है।”
एयरपोर्ट पर गर्मजोशी भरा स्वागत
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एयरपोर्ट पर पहुंचकर पीएम मोदी का गले लगाकर स्वागत किया। इस मौके पर न्यूजीलैंड में भारत की उच्चायुक्त मुआनपुई सैयावी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
पीएम लक्सन ने स्वागत का वीडियो साझा करते हुए लिखा:
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, न्यूजीलैंड में आपका स्वागत है।” प्रधानमंत्री मोदी ने भी लक्सन का आभार जताते हुए एक्स पर लिखा:
“थोड़ी देर पहले ऑकलैंड पहुंचा। एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का शुक्रिया। यह दौरा ऐतिहासिक है, चार दशकों में न्यूजीलैंड का यह पहला प्रधानमंत्री दौरा है। मैं प्रधानमंत्री लक्सन के साथ बातचीत करने और भारत-न्यूजीलैंड दोस्ती पर समग्र चर्चा करने का इंतजार कर रहा हूं। मैं शनिवार ऑकलैंड में एक कम्युनिटी प्रोग्राम को भी संबोधित करूंगा।”
भारतीय समुदाय का उत्साही स्वागत
वहीं न्यूजीलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय ने सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति देकर पीएम मोदी का हार्दिक स्वागत किया। समुदाय के सदस्य इस ऐतिहासिक यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
एक भारतीय समुदाय सदस्य ने कहा,
“मैं पीएम मोदी के लिए परफॉर्म करने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। यह 40 साल बाद हो रहा है और सबसे खास यह कि ‘वंदे मातरम’ की 150वीं सालगिरह भी है। हम इस मौके को यादगार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
कल (शनिवार) प्रधानमंत्री मोदी ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। यह दौरा भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।







