कल तंजानिया में भारत के उच्चायुक्त बिश्वादिप डे से मुलाकात के दौरान तंजानिया के राष्ट्रपति हुसैन अली म्विनयी ने ज़ांज़ीबार के विकास में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। राष्ट्रपति म्विनयी ने ज़ांज़ीबार स्थित स्टेट हाउस में उच्चायुक्त डे का स्वागत किया और ज़ांज़ीबार के विकास में, विशेष रूप से निवेश, व्यावसायिक प्रशिक्षण और आईआईटी मद्रास ज़ांज़ीबार के माध्यम से सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) नवाचार में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा की।
इसी दौरान, भारतीय उच्चायुक्त ने भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन की ओर से राष्ट्रपति म्विनयी को जुलाई में भारत आने का आधिकारिक निमंत्रण दिया, जिसमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास का दौरा भी शामिल था।
उच्चायुक्त ने वाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित ज़ांज़ीबार के आईसीसीआर छात्रवृत्ति प्राप्तकर्ताओं के लिए शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के एक अभिविन्यास सत्र में भी भाग लिया। उन्होंने भारत-तंजानिया संबंधों और आईसीसीआर छात्रवृत्तियों सहित दोनों देशों के बीच शैक्षिक और सांस्कृतिक सहयोग का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।







