Breaking News

500 रुपए लेकर मुंबई आई थीं दिशा पाटनी, संघर्ष से लिखी सफलता की कहानी


मनोरंजन 12 June 2026
post

500 रुपए लेकर मुंबई आई थीं दिशा पाटनी, संघर्ष से लिखी सफलता की कहानी

बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी की गिनती उन अभिनेत्रियों में होती है, जिन्होंने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है। हालांकि, उनकी सफलता की कहानी उतनी आसान नहीं रही, जितनी बाहर से लोगों को दिखाई देती है। बहुत कम लोग जानते हैं कि उन्होंने अपने सपनों को पूरा करने के लिए काफी संघर्ष किया है। एक समय ऐसा भी था जब वह बेहद कम पैसों के साथ मुंबई आई थीं और मेहनत के दम पर ये मुकाम हासिल किया। दिशा पाटनी का जन्म 13 जून 1992 को उत्तर प्रदेश के बरेली में हुआ था। उनका परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के टनकपुर से जुड़ा हुआ है। उनके पिता जगदीश सिंह पाटनी पुलिस विभाग में अधिकारी रहे, जबकि उनकी मां स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थीं। बचपन से ही दिशा पढ़ाई में अच्छी थीं।

उन्होंने कभी अभिनेत्री बनने का सपना नहीं देखा था। वह एयरफोर्स पायलट या साइंसटिस्ट बनना चाहती थीं। उन्होंने इंजीनियरिंग और बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई की। कॉलेज के दिनों में उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया। एक दोस्त ने उन्हें मॉडलिंग कॉम्पिटिशन में हिस्सा लेने की सलाह दी, जिसमें उन्होंने जीत हासिल की। इसके बाद उन्हें मॉडलिंग के कई मौके मिलने लगे। धीरे-धीरे विज्ञापन जगत में भी उनकी पहचान बनने लगी। उन्होंने कई विज्ञापनों में काम किया। कैमरे के सामने एक्टिंग करने के इस अनुभव ने उन्हें फिल्मों में लाकर खड़ा कर दिया। दिशा ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए एक इंटरव्यू में बताया था कि वह केवल 500 रुपए लेकर मुंबई पहुंची थीं। उस समय उनके पास कोई बड़ा सहारा नहीं था।

उन्होंने परिवार से आर्थिक मदद लेने के बजाय खुद मेहनत करके आगे बढ़ने का फैसला किया। मुंबई जैसे बड़े शहर में रहना आसान नहीं था, लेकिन दिशा ने हार नहीं मानी। उन्होंने लगातार ऑडिशन दिए, मॉडलिंग की और अपने सपनों को सच करने के लिए दिन-रात मेहनत की। यही संघर्ष बाद में उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत बना। साल 2015 में दिशा को पहली बड़ी सफलता तेलुगु फिल्म 'लोफर' से मिली। इस फिल्म में उनके काम को सराहा गया। इसके बाद साल 2016 में उन्हें हिंदी फिल्म 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में काम करने का मौका मिला। इस फिल्म में उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की पहली प्रेमिका प्रियंका झा का किरदार निभाया था। भले ही उनका रोल लंबा नहीं था, लेकिन उनके अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद दिशा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने 'कुंग फू योगा', 'बागी 2', 'भारत', 'मलंग', 'राधे', 'एक विलेन रिटर्न्स', 'योद्धा' और 'कल्कि 2898 एडी' जैसी फिल्मों में काम किया। एक्शन, रोमांस और ग्लैमर से भरपूर किरदारों के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। वह अपनी फिटनेस को लेकर भी हमेशा चर्चा में बनी रहती हैं।


You might also like!


RAIPUR WEATHER