Breaking News

प्रधानमंत्री मोदी ने 12 वर्षों में बिना रुके देशसेवा की, वह भारत के लिए भगवान का वरदान हैं : शिवराज सिंह चौहान


देश 10 June 2026
post

प्रधानमंत्री मोदी ने 12 वर्षों में बिना रुके देशसेवा की, वह भारत के लिए भगवान का वरदान हैं : शिवराज सिंह चौहान

नई दिल्ली, 10 जून । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उन्हें भारत के लिए भगवान का वरदान बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 12 वर्षों में एक क्षण भी विश्राम नहीं किया और दिन-रात देश तथा जनता की सेवा में लगे रहे हैं। प्रधानमंत्री का कार्यकाल विकास, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की दृष्टि से अभूतपूर्व रहा है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह यहां विनय मार्ग स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी सबसे लंबे समय तक लगातार कार्यरत रहने वाले प्रधानमंत्री हैं और उनका कार्यकाल निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए जनता का कार्य ही रामकाज है। सामान्य व्यक्ति दिन-रात इतनी मेहनत नहीं कर सकता। महर्षि अरविंद द्वारा परिकल्पित ‘अतिमानव’ की संज्ञा देते हुए उन्होंने कहा कि मोदी बिना थके और बिना रुके देशहित में कार्य कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में अधोसंरचना विकास की ऐसी गति देखने को मिली है जिसकी पहले कल्पना करना भी कठिन था। प्रधानमंत्री ने महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं बनाईं और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दूरदर्शी नेतृत्व के धनी हैं और समय से पहले भविष्य की आवश्यकताओं को समझकर योजनाएं तैयार करते हैं। देशहित में उनकी सोच और कार्यशैली उन्हें विशिष्ट बनाती है। मोदी लगातार देश और देशवासियों के बारे में सोचते हैं तथा अपने विचारों को सफल बनाने के लिए विस्तृत और अग्रिम योजना तैयार करते हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। आम जनता के प्रति उनके मन में संवेदना, आत्मीयता और समर्पण का भाव है, जबकि देशविरोधी और समाजविरोधी तत्वों के प्रति उनका रुख अत्यंत कठोर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना में विश्वास रखते हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने 100 से अधिक देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराई और विश्व के विभिन्न हिस्सों में संकट की घड़ी में सहायता पहुंचाई। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर मानवता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER