Breaking News

गृह मंत्रालय पर कथित टिप्पणी को लेकर ममता बनर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज


देश 04 June 2026
post

गृह मंत्रालय पर कथित टिप्पणी को लेकर ममता बनर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

कोलकाता, 4 जून । पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के खिलाफ गृह मंत्रालय पर कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, यह मामला सिलीगुड़ी साइबर अपराध पुलिस थाना में एक अधिवक्ता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ है।

शिकायत अधिवक्ता रिंकी सेन चटर्जी ने दर्ज कराई है। आरोप है कि ममता बनर्जी ने दो जून को कोलकाता के रानी रासमणि रोड पर आयोजित एक विरोध सभा के दौरान ऐसे बयान दिए, जिनमें गृह मंत्रालय और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका को लेकर संकेतात्मक आरोप लगाए गए।

शिकायत के अनुसार, यह पूरा मामला बांग्लादेश के नागरिक उस्मान हादी की हत्या से जुड़ा है। आरोप है कि उस्मान हादी की हत्या पिछले वर्ष दिसंबर में बांग्लादेश में हुई थी और बाद में उनके कथित हत्यारे जनवरी में मेघालय सीमा के रास्ते पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर गए थे, जिन्हें राज्य की विशेष कार्य बल ने गिरफ्तार किया था।

अधिवक्ता रिंकी सेन चटर्जी ने आरोप लगाया कि जब ममता बनर्जी मुख्यमंत्री थीं, तब वे इस मुद्दे को सीधे गृह मंत्रालय के समक्ष उठा सकती थीं, लेकिन अब वे सार्वजनिक मंच से ऐसे आरोप लगा रही हैं जो दो देशों के बीच तनाव को बढ़ा सकते हैं और भारत की छवि को प्रभावित कर सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि इन बयानों से बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर भी आशंका उत्पन्न हो सकती है। शिकायतकर्ता का दावा है कि ममता बनर्जी ने अपने बयान में संकेत दिया था कि यह घटना किसी बड़े षड्यंत्र से जुड़ी है और उन्होंने गृह मंत्रालय की भूमिका की ओर इशारा किया।

ममता बनर्जी ने दो जून को अपने संबोधन में कहा था कि विशेष कार्य बल ने बांग्लादेश से आए एक आरोपित को गिरफ्तार किया, जिसके बाद वहां बड़ा विरोध हुआ। उन्होंने यह भी कहा था कि ऐसे लोग मेघालय के रास्ते पश्चिम बंगाल में प्रवेश करते हैं और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER