भोपाल, 29 मई । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांधीनगर इलाके में संचालित अवैध कफ सिरप फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है।
एसपी, एसटीएफ राजेश सिंह भदाैरिया ने बताया कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात गांधी नगर थाना क्षेत्र के डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी स्थित एक मकान पर मारी गई दबिश में करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत का अवैध नशीला कफ सिरप बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई रात करीब 12 बजे शुरू हुई और तड़के सुबह 3 बजे तक लगातार चलती रही। अधिकारियों ने पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा, यहां तक कि स्थानीय गांधीनगर थाना पुलिस को भी इसकी भनक नहीं लगने दी गई। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने मकान को चारों तरफ से घेरकर तलाशी शुरू की गई थी।
उन्हाेंने बताया कि जिस मकान में अवैध कारोबार संचालित हो रहा था, वह किसी “मालवीय” नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। हालांकि कार्रवाई के बाद से मकान मालिक फरार है और एसटीएफ का उससे संपर्क नहीं हो सका है। हिरासत में लिए गए आरोपिताें से पूछताछ के आधार पर अब पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है। आज शुक्रवार शाम चार बजे प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
‘ऑफ कफ’ नाम से तैयार हो रही थी नशीली सिरप
तलाशी के दौरान मकान के दो अलग-अलग कमरों में भारी मात्रा में नशीले कफ सिरप के कार्टन, बोतलें और पैकेजिंग सामग्री मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां ‘ऑफ कफ’ नाम से अवैध कफ सिरप तैयार कर बाजार में सप्लाई की जा रही थी। एसटीएफ ने मौके से 700 से अधिक पेटियां अवैध कफ सिरप, बड़ी संख्या में खाली बोतलें, फर्जी लेबल और अत्याधुनिक पैकेजिंग मशीनें जब्त की हैं।
युवाओं में खपाने की थी तैयारी
जांच एजेंसियों को आशंका है कि बरामद कफ सिरप को अवैध रूप से युवाओं और नशे के आदी लोगों तक पहुंचाया जाना था। एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के तार किन शहरों और लोगों से जुड़े हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सिरप बनाने में इस्तेमाल केमिकल और रॉ मटेरियल कहां से मंगाया जा रहा था। एसटीएफ अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि पूछताछ आगे बढ़ने के साथ इस ड्रग सिंडिकेट से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं।
सैंपल जांच के लिए भेजे
मौके से बरामद कफ सिरप के सैंपल लैब जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद एनडीपीसी एक्ट और ड्रग्स से जुड़े अन्य प्रावधानों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जल्द ही कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। एसटीएफ की ओर से बताया गया है कि पूरे मामले का विस्तृत खुलासा आज शाम किया जाएगा। वहीं, आरोपिताें की निशानदेही पर आगे भी कार्रवाई की जा रही है।
मकान मालिक फरार, एसटीएफ जुटी तलाश में
एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि गांधीनगर क्षेत्र में एक मकान में अवैध नशीले सिरप की फैक्टरी संचालित हाे रही है। देर रात इस मकान के बाहर बड़े वाहन आकर रुकते हैं और लोडिंग-अनलोडिंग की जाती है। इसके बाद मुखबिरों को सक्रिय किया गया। सूचना पुख्ता होने के बाद बीती देर रात कार्रवाई की गई है। एसटीएफ ने कार्रवाई को इतनी गोपनीयता से किया कि गांधी नगर थाना पुलिस को भनक तक नहीं लगने दी। कार्रवाई के दौरान एसटीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
Breaking News
- मुख्यमंत्री शुभेंदु का बड़ा ऐलान- एक अगस्त से राज्य में शुरू होगी जनगणना
- नई फिल्म के साथ लौटे अनुपम खेर
- म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग 30 मई से 3 जून तक भारत की यात्रा पर रहेंगे।
- गांव-गांव में पुलिस का जनजागरूकता अभियान तेज, संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जा रही नजर
- मप्र ने गेहूं उपार्जन में बनाया नया रिकॉर्ड, किसानों से अब तक 1.4 करोड़ मीट्रिक टन हुई गेहूं खरीदी
- बिहार के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
- रिजर्व बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 6.9 फीसदी जीडीपी ग्रोथ का जताया अनुमान
- छत्रपति शिवाजी महाराज और हिंदवी स्वराज्य का गौरव
- अक्षय कुमार की झोली में आई नई बड़ी फिल्म
- विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई के निधन पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने जताया शोक
मप्र की राजधानी भोपाल में एसटीएफ ने डेढ़ करोड़ का अवैध नशीला कफ सिरप किया जब्त, 10 हिरासत में







