Breaking News

नेपाल में ‘एवरेस्ट समिटर्स समिट’ १० जून को, 176 एवरेस्ट पर्वतारोही होंगे सम्मानित


विदेश 26 May 2026
post

नेपाल में ‘एवरेस्ट समिटर्स समिट’ १० जून को, 176 एवरेस्ट पर्वतारोही होंगे सम्मानित

काठमांडू, 26 मई । नेपाल में ‘एवरेस्ट समिटर्स समिट’ का दूसरा संस्करण १० जून को काठमांडू में होगा। इस वर्ष दुनिया के 26 देशों के 176 एवरेस्ट पर्वतारोहियों को विशेष पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

एवरेस्ट अलायन्स नेपाल के अध्यक्ष सुदर्शन नेपाल ने बताया कि आयोजक संस्था एवरेस्ट अलायन्स नेपाल तथा संस्कृति, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सहयोग से होने वाले इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि हमने पिछले वर्ष से एवरेस्ट पर्वतारोहियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम की शुरुआत की थी। पहले संस्करण की भव्य सफलता ने ही इसके महत्व और दायरे को स्पष्ट कर दिया है। यह अब केवल नेपाल का नहीं, बल्कि वैश्विक मंच बन चुका है। इस बार नेपाल सरकार का प्रत्यक्ष सहयोग और समन्वय मिलने से हम और अधिक उत्साहित हैं।

आयोजकों के अनुसार हिमालय के भविष्य के लिए एकजुट आवाज उठाने तथा विश्व की सर्वोच्च चोटी सगरमाथा (माउंट एवरेस्ट) पर चढ़ाई करने वाले पर्वतारोहियों के अद्वितीय साहस और योगदान का सम्मान करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उनका विश्वास है कि इससे नेपाल के पर्वतीय पर्यटन को वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठा मिलेगी तथा साहसी पर्वतारोहियों के सम्मान को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस संस्करण में राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल की उपस्थिति भी रहेगी। राष्ट्रपति सुबह आयोजित होने वाले ‘समिटर्स ब्रेकफास्ट’ कार्यक्रम में शामिल होकर पर्वतारोहियों से संवाद करेंगे। इसके बाद प्रभातफेरी और पर्वतारोही सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्कृति, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री खड्कराज पौडेल के हाथों कराये जाने की योजना है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER