नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मूल उपकरण निर्माता (ओईएम)
सुविधा केंद्र में डीजीसीए अधिकारियों की उपस्थिति में एयर इंडिया के बोइंग 787-8 विमान के ईंधन नियंत्रण स्विचों के निरीक्षण
का निर्देश दिया है।
डीजीसीए के अनुसार, एयर इंडिया के बोइंग 787-8 विमान वीटी-एएनएक्स को इस वर्ष 2 फरवरी को लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से बेंगलुरु के लिए उड़ान एआईसी-132 संचालित करने के बाद ग्राउंडेड कर दिया गया था। यह कार्रवाई पायलट डिफेक्ट रिपोर्ट में दर्ज जानकारी के बाद की गई, जिसमें कहा गया था कि बाएं ईंधन नियंत्रण स्विच को थोड़ा सा दबाने पर वह रन से कटऑफ स्थिति में फिसल गया और चयनित स्थिति में ठीक से लॉक नहीं हुआ।
डीजीसीए ने कहा कि एयर इंडिया ने ओईएम द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार और डीजीसीए अधिकारियों की उपस्थिति में ईंधन नियंत्रण स्विचों का निरीक्षण और कार्यात्मक परीक्षण किया। निरीक्षण परिणामों और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा के बाद, ओईएम ने निष्कर्ष निकाला कि ईंधन नियंत्रण स्विच यांत्रिक रूप से डिजाइन के अनुरूप कार्य कर रहा था और इकाई को उपयोग योग्य घोषित किया।
हालांकि, निरंतर विमानयोग्यता निगरानी के हिस्से के रूप में, डीजीसीए ने निर्देश दिया है कि डीजीसीए अधिकारियों की उपस्थिति में ओईएम सुविधा में ईंधन नियंत्रण स्विचों का आगे निरीक्षण किया जाए।







