पुडुचेरी, 13 मई । राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन नेता और ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) संस्थापक एन. रंगासामी ने बुधवार को पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उप राज्यपाल कैलाशनाथन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ भाजपा के ए. नमस्सिवायम और एनआर कांग्रेस के मल्लादी कृष्ण राव ने मंत्री पद की शपथ ली।
आज सुबह 9:47 बजे उप राज्यपाल भवन परिसर में पुडुचेरी के मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। जिसमें एन. रंगासामी ने पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ भाजपा के ए. नमस्सिवायम और एनआर कांग्रेस के मल्लादी कृष्ण राव ने मंत्री पद की शपथ ली। मल्लाडी कृष्णा राव ने तेलुगु में शपथ ली।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से हुई, जबकि तीसरे क्रम में तमिल थाई वाझ्थु गाया गया। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। एक सप्ताह के भीतर मंत्रियों का पूर्ण शपथ ग्रहण होगा। विभागों का आवंटन उसी समय घोषित किया जाएगा।
पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद रंगासामी पैदल विधानसभा पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस परेड की सलामी ली और अपने कक्ष में महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर करने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि “पुडुचेरी का पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनना मेरे लिए खुशी की बात है। आज हमने कई योजनाओं से संबंधित फाइलों पर हस्ताक्षर किए हैं। पीले राशन कार्डधारकों को भी बीमा योजना का लाभ देने की व्यवस्था की गई है। अब तक केवल लाल राशन कार्डधारकों को बीमा सुविधा प्राप्त थी।”
अब पुडुचेरी में पीले राशन कार्डधारकों को सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध न होने वाले उपचार के लिए निजी अस्पतालों में खर्च की गई राशि में अधिकतम 3 लाख रुपये तक की प्रतिपूर्ति दी जाएगी। इस राशि का वहन राज्य सरकार करेगी।
उन्होंने सेदरापेट क्षेत्र में युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की फाइल पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं। पुडुचेरी के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में ‘नमो पुडुचेरी’ कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके तहत बुनियादी ढांचे का विकास,अत्याधुनिक कैंसर उपचार सुविधाएं, तकनीकी उपकरण, अनुसंधान का वातावरण और विशेषज्ञ डॉक्टरों का चयन एवं प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। खेलों के विकास के लिए स्टेडियम निर्माण की फाइल पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि गत 9 अप्रैल को पुडुचेरी में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना 4 मई को हुई थी। जिसके बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन नेता एन. रंगासामी के नेतृत्व में राज्य में एक बार फिर गठबंधन सरकार बनी है।
Breaking News
- पिछले सात महीनों से बंद पडा, पखांजूर सुभाष नगर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र
- रंगासामी 5वीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री बने, ‘नमो पुडुचेरी’ योजना पर किए हस्ताक्षर
- भारत ने 'मिशन मौसम' के तहत मौसम और प्रदूषण पर नजर रखने के लिए उच्च ऊंचाई पर उड़ने वाले ड्रोन का निर्माण किया है।
- पति संग तलाक की अफवाहों पर मौनी रॉय ने पहली बार दिया रिएक्शन
- सहायक संचालक (योजना) के 21 पदों पर भर्ती के लिए अंतिम चयन परिणाम जारी
- अजरबैजान से भगोड़े प्रभदीप सिंह का प्रत्यर्पण
- अमेरिकी मुद्रास्फीति और ईरान में अनिश्चित युद्धविराम के चलते एशियाई बाजारों में गिरावट आई।
- आईपीएल 2026 : धीमी ओवर गति के कारण पैट कमिंस पर लगा 12 लाख रुपये का जुर्माना
- सोनिया गांधी को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया
- सुशासन तिहार शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुचाने का सशक्त माध्यम
रंगासामी 5वीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री बने, ‘नमो पुडुचेरी’ योजना पर किए हस्ताक्षर







