Breaking News

मधुरिमा गुरुकुल” बनेगा रोजगार और स्वरोजगार का नया केंद्र

post

मधुरिमा गुरुकुल” बनेगा रोजगार और स्वरोजगार का नया केंद्र

धमतरी, 12 मई । जिले के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल अब नए आयाम छू रही है। धमतरी से लगे ग्राम कोलियारी में अंबुजा फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित किए जा रहे कौशल प्रशिक्षण केंद्र “मधुरिमा गुरुकुल” का मंगलवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और देश के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं निवेशक मधुसूदन केला ने अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों, प्रयोगशालाओं और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर कोर्स, रिटेल सेल्स मैनेजमेंट, इलेक्ट्रीशियन और जनरल ड्यूटी असिस्टेंट से जुड़े क्लासरूम एवं लैब का अवलोकन करते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता और युवाओं की सहभागिता की जानकारी ली। उद्योगपति मधुसूदन केला ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में युवाओं को व्यवहारिक और रोजगारपरक प्रशिक्षण देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और अंबुजा फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़ने का प्रयास भविष्य के लिए प्रेरणादायी मॉडल साबित होगा। आने वाले समय में यहां तकनीकी और सेवा क्षेत्र से जुड़े नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे, ताकि स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि “मधुरिमा गुरुकुल” के माध्यम से आसपास के गांवों के युवाओं को पूरी तरह निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए भी मार्गदर्शन और सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। केंद्र में युवाओं को सॉफ्ट स्किल, व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और कार्यस्थल व्यवहार जैसे विषयों का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे रोजगार के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें। इसके साथ ही विभिन्न औद्योगिक संस्थानों और कंपनियों से समन्वय स्थापित कर युवाओं को प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, अंबुजा फाउंडेशन के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा उपस्थित रहे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER