Breaking News

बलरामपुर : 1096 पदों के लिए 11 मई को रोजगार मेला, निजी कंपनियों में युवाओं को मिलेगा नौकरी का अवसर


शहर 08 May 2026
post

बलरामपुर : 1096 पदों के लिए 11 मई को रोजगार मेला, निजी कंपनियों में युवाओं को मिलेगा नौकरी का अवसर

बलरामपुर, 08 मई । जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 11 मई 2026, सोमवार को रोजगार मेला एवं प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद पंचायत बलरामपुर के सभाकक्ष में सुबह 10 बजे से शुरू होगा।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि निजी क्षेत्र की पांच कंपनियों से कुल 1096 रिक्त पदों की मांग प्राप्त हुई है। इन पदों की पूर्ति के लिए रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है, जहां योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रोजगार विभाग के नए निर्देशों के अनुसार रोजगार मेला और प्लेसमेंट कैम्प की प्रक्रिया अब अनिवार्य रूप से ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संचालित की जा रही है। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों का आधार से अपडेटेड और जीवित रोजगार पंजीयन होना जरूरी है।

जिन युवाओं का रोजगार पंजीयन सक्रिय नहीं है, वे CG E-Rojgar Portal या सीजी ई-रोजगार एप के माध्यम से अपना पंजीयन कर सकते हैं। इसके बाद रोजगार मेले के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। अभ्यर्थी चाहें तो 11 मई को रोजगार मेले के दिन भी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन या अन्य जानकारी से संबंधित समस्या होने पर अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9685672368 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी ने इच्छुक और योग्य युवाओं से सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में शामिल होने की अपील की है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER