Breaking News

भारत विमान पट्टे और वित्तपोषण के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है: केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू


देश 08 May 2026
post

भारत विमान पट्टे और वित्तपोषण के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है: केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने आज जोर देकर कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजार से विमान पट्टे और वित्तपोषण के लिए एक प्रमुख वैश्विक गंतव्य में तेजी से परिवर्तित हो रहा है। 

आज गांधीनगर के जीआईएफटी सिटी में आयोजित इंडिया एयरक्राफ्ट लीजिंग एंड फाइनेंसिंग समिट 2.0 में मुख्य भाषण देते हुए मंत्री ने कहा कि गुजरात भारत की विश्व के लिए खिड़की का काम करता है और विमानन वित्तपोषण को भारत में लाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, जिसके तहत जीआईएफटी सिटी विमान पट्टे और वित्तपोषण के लिए एक वैश्विक केंद्र बन रहा है।
 
इस क्षेत्र की तीव्र वृद्धि पर प्रकाश डालते हुए, श्री नायडू ने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार बनकर उभरा है, और अकेले 2026 में घरेलू यात्री यातायात 191 मिलियन तक पहुंच जाएगा। उन्होंने अनुमान लगाया कि 1,100 विमानों के मौजूदा वाणिज्यिक बेड़े के 2035 तक तिगुने होने की उम्मीद है। मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार का ध्यान केवल बेड़े के विस्तार पर ही नहीं, बल्कि एक ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र बनाने पर है जो वैश्विक उद्योग के साथ प्रतिस्पर्धा कर सके और उसका नेतृत्व कर सके। उन्होंने हितधारकों से आग्रह किया कि वे विमानों को एक दीर्घकालिक वित्तीय अवसंरचनात्मक परिसंपत्ति के रूप में देखें, जो 'विकसित भारत' की परिकल्पना को साकार करने के लिए आवश्यक है।
 
मंत्री ने यह भी घोषणा की कि क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के लिए लक्षद्वीप में जल्द ही सीप्लेन संचालन शुरू होगा। कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए और प्रमुख विमानन कंपनियों द्वारा गिफ्ट सिटी में लीजिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। 

You might also like!


RAIPUR WEATHER