Breaking News

स्टेट बैंक का चौथी तिमाही का मुनाफा छह फीसदी बढ़कर 19,684 करोड़ रुपये हुआ


व्यापार 08 May 2026
post

स्टेट बैंक का चौथी तिमाही का मुनाफा छह फीसदी बढ़कर 19,684 करोड़ रुपये हुआ

नई दिल्ली, 08 मई । देश एवं सार्वजनिक क्षेत्र के सबसे बड़े स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने वित्त वर्ष 2025-26 की (जनवरी-मार्च) चौथी तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। 31 मार्च को समाप्त चौथी तिमाही में बैंक का एकल आधार पर शुद्ध लाभ छह फीसदी बढ़कर 19,684 करोड़ रुपये रहा।

बैंक ने शुक्रवार को कहा कि फंसे कर्ज में सुधार होने से उसके लाभ में यह बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एसबीआई का शुद्ध लाभ जनवरी-मार्च तिमाही में छह फीसदी बढ़कर 19,684 करोड़ रुपये रहा। बैंक ने वित्त वर्ष 2024-25 की जनवरी-मार्च तिमाही में 18,643 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

स्टेट बैंक ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जनवरी-मार्च तिमाही में बैंक की कुल आय घटकर 1,40,412 करोड़ रुपये रह गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 पहले समान तिमाही में 1,43,876 करोड़ रुपये थी। हालांकि, चौथी तिमाही के दौरान बैंक की ब्याज आय बढ़कर 1,23,098 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 1,19,666 करोड़ रुपये थी।

एसबीआई के मुताबिक बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार हुआ। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में कुल कर्ज का 1.49 फीसदी रह गईं, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही के अंत में 1.82 फीसदी रही थीं। इसी तरह बैंक का शुद्ध एनपीए घटकर 0.39 फीसदी रह गया, जो एक साल पहले 0.47 फीसदी था।

बैंक ने बताया कि चौथी तिमाही में एकीकृत आधार पर एसबीआई का शुद्ध लाभ मामूली बढ़कर 19,643 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 19,600 करोड़ रुपये था। इस तरह कुल आय बढ़कर 1,81,079 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान अवधि में 1,79,562 करोड़ रुपये थी। वहीं, पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक का एकल आधार पर शुद्ध लाभ 13 फीसदी बढ़कर 80,032 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 70,901 करोड़ रुपये था।



एसबीआई ने कहा कि बैंक के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 17.35 रुपये के लाभांश की घोषणा की है। बैंक ने कहा कि लाभांश पाने के पात्र शेयरधारकों के निर्धारण के लिए रिकॉर्ड तिथि 16 मई है, जबकि लाभांश का भुगतान चार जून को तय किया जाएगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER