मनोरंजन : बिग बॉस 19 के विनर और टीवी एक्टर गौरव खन्ना ने अपने नए रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी 15 की शुरुआत से पहले मुंबई स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन किए। मंगलवार (5 मई) को उनकी मंदिर विजिट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आए, जिनमें वह अपने माता-पिता के साथ नजर आए।
गौरव खन्ना मंदिर परिसर में पूरे परिवार के साथ पहुंचे और भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर के बाहर मौजूद मीडिया से उन्होंने थोड़ी देर बातचीत भी की। एक्टर का यह धार्मिक दौरा उनके नए शो की शुरुआत से ठीक पहले काफी चर्चा में आ गया है।
स्टंट-बेस्ड रियलिटी शो में शामिल होने से पहले मंदिर आने के पीछे की वजह पर बात करते हुए गौरव खन्ना ने कहा कि वह हर बड़े प्रोजेक्ट से पहले सिद्धिविनायक मंदिर जरूर आते हैं। उन्होंने हल्के अंदाज में कहा, “जब विघ्न वाले शो में जा रहा हूं तो विघ्नहर्ता के दर्शन करने पड़ते हैं।
मम्मी-पापा भी आए हुए थे तो उनके साथ भी मुझे दर्शन करने थे।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह केवल किसी शो से जुड़ी परंपरा नहीं है, बल्कि वह नियमित रूप से मंदिर आते रहते हैं। गौरव ने कहा, “हर शो में जाने से पहले मैं जरूर आता हूं यहां। लेकिन यह शो नहीं होता तब भी मैं आता हूं यहां।”
गौरव खन्ना के इस कदम को उनके फैंस भी काफी सकारात्मक तरीके से देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह पारंपरिक अंदाज में मंदिर में दर्शन करते नजर आ रहे हैं।
टीवी इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बनाने के बाद गौरव अब खतरनाक स्टंट और चुनौतीपूर्ण टास्क वाले रियलिटी शो में हिस्सा लेने जा रहे हैं। ऐसे में उनकी यह मंदिर यात्रा उनके नए सफर की शुभ शुरुआत के रूप में देखी जा रही है। खतरों के खिलाड़ी 15 में उनके प्रदर्शन को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह इस शो में अपने डर पर कैसे काबू पाते हैं। TAGS



.jpg)



.jpg)