अब तक उपलब्ध रुझानों के अनुसार, सत्तारूढ़ भाजपा असम में लगातार तीसरी बार सत्ता बरकरार रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य की सभी 126 विधानसभा सीटों पर मतगणना सुचारू रूप से चल रही है। सभी 126 सीटों के रुझान उपलब्ध हैं। भाजपा 79 सीटों पर आगे है, जबकि उसके सहयोगी दल - एजीपी 9 सीटों पर और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट 10 सीटों पर आगे हैं। कांग्रेस 24 सीटों पर, एआईयूडीएफ और रायजोर दल दो-दो सीटों पर आगे हैं।
भाजपा उम्मीदवार और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी बिदिशा नियोग पर 7 हजार से अधिक वोटों की बढ़त बना ली है और वे जलुकबारी सीट को लगातार छठी बार बरकरार रखने की राह पर हैं। जोरहाट में असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई भाजपा उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी से पीछे चल रहे हैं।
असम में भाजपा के नेतृत्व वाली निवर्तमान सरकार के अधिकांश मंत्री आगे चल रहे हैं। असम गण परिषद (एजीपी) के अध्यक्ष और कृषि मंत्री अतुल बोरा बोकाखाट निर्वाचन क्षेत्र से अपने निकटतम उम्मीदवार रायजोर दल से 3,000 से अधिक वोटों से आगे हैं। मंत्री और भाजपा नेता चंद्र मोहन पटवारी तिहू सीट पर कांग्रेस के रतुल पटवारी से आगे हैं।
एजीपी नेता और मंत्री केशव महंत अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, निर्दलीय उम्मीदवार जितेन गौर से 8,800 से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं।
मतगणना के चौथे चरण के बाद भवानीपुर-सोरभोग निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के एक अन्य मंत्री रणजीत कुमार दास आगे चल रहे हैं।
वित्त मंत्री अजंता नियोग अपने गोलाघाट निर्वाचन क्षेत्र से 11,000 से अधिक वोटों से आगे चल रही हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के बिटुपन सैकिया हैं।
जागीरोड निर्वाचन क्षेत्र में, मतगणना के पांचवें चरण के अंत में कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका (भाजपा) कांग्रेस के बुबुल दास से लगभग 16,000 वोटों से आगे चल रहे हैं।
भाजपा के कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल ढेकियाजुली सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार बताश ओरंग से 3,230 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं।
मंत्री रनोज पेगु (भाजपा) भी छह राउंड की गिनती के बाद धेमाजी निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के सेलेन सोनोवाल से 15,000 से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं।
2023 में निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण के बाद पहली बार 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव हो रहे हैं।
असम में सभी 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ, जिसमें अब तक का सबसे अधिक 85.96 प्रतिशत मतदान हुआ।
भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए तीसरी बार सत्ता में आने की उम्मीद कर रहा है, वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन सत्ता हथियाने की कोशिश कर रहा है।
सत्ताधारी भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के मुख्य घटक असम गण परिषद और बोडो पीपुल्स फ्रंट हैं, जबकि विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस, रायजोर दल, एजेपी, सीपीआई (एम), ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस (एपीएचएलसी) और सीपीआई (एमएल) शामिल हैं।
सत्ताधारी भाजपा की निवर्तमान विधानसभा में 64 सीटें हैं, जबकि उसके सहयोगी दलों - एजीपी के पास नौ, यूपीपीएल के पास सात और गठबंधन में फिर से शामिल हुई बीपीएफ के पास तीन विधायक हैं। विपक्ष में कांग्रेस के 26 सदस्य, एआईयूडीएफ के पास 15, सीपीआई (एम) के पास एक और एक निर्दलीय विधायक हैं।







