सरकार ने कहा है कि देश में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और खरीफ मौसम के लिए आपूर्ति आवश्यकता से अधिक है। नई दिल्ली में आज उर्वरक विभाग की अपर सचिव अपर्णा शर्मा ने बताया कि उर्वरकों का घरेलू उत्पादन 62 लाख मीट्रिक टन से अधिक पहुंच गया है। इसका आयात लगभग 15 लाख मीट्रिक टन है। इसके साथ ही देश में वर्तमान अवधि के लिए उर्वरक की कुल उपलब्धता लगभग 78 लाख मीट्रिक टन हो गई है। उन्होंने बताया कि 38 लाख मीट्रिक टन यूरिया और 19 लाख मीट्रिक टन फॉस्फेटिक और पोटैशियम युक्त उर्वरकों की खरीद के लिए वैश्विक निविदाएं जारी की गई हैं। उन्होंने कहा कि देश में उर्वरक सुरक्षा मजबूत, स्थिर और सुव्यवस्थित है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि पूरे देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की निर्बाध आपूर्ति है। उन्होंने बताया कि किसी भी वितरक से घरेलू एलपीजी आपूर्ति की कमी नहीं है। सुश्री शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग में लगभग 98 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि लगभग 93 प्रतिशत डिलीवरी ओटीपी के माध्यम से हो रही है। उन्होंने बताया कि लगभग 43 हजार पीएनजी उपभोक्ताओं ने स्वेच्छा से अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दिए हैं। उन्होंने नागरिकों से घबराहट में खरीदारी न करने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने का आग्रह किया।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अपर सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि मंत्रालय ने अब तक दो हजार आठ सौ से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी में सहायता की है। पिछले 24 घंटों में 28 नाविक सुरक्षित वापस आये हैं। उन्होंने कहा कि देश भर में बंदरगाह संचालन सामान्य है।








