Breaking News

कुमार संगकारा ने इम्पैक्ट सब के रूप में शुभम दुबे के प्रदर्शन को बताया शानदार


खेल 29 April 2026
post

कुमार संगकारा ने इम्पैक्ट सब के रूप में शुभम दुबे के प्रदर्शन को बताया शानदार

न्यू चंडीगढ़, 29 अप्रैल । राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने 31 वर्षीय बल्लेबाज शुभम दुबे की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि 'इम्पैक्ट सब' के तौर पर आकर उन्होंने जो किया वह शानदार है।

शुभम दुबे ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की टेबल टॉपर पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत में अहम रोल निभाया था। उन्होंने मैच में इम्पैक्ट सब के रूप में उतरते हुए बेहतरीन 12 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाए थे। इस मुकाबले में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी (43) और यशस्वी जायसवाल (51) ने शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन मध्य ओवरों में लगातार विकेट गिरने से राजस्थान पर दबाव बढ़ने लगा था। 14 ओवरों के बाद राजस्थान का स्कोर 4 विकेट पर 151 रन था। यहां इम्पैक्ट सब के रूप में शुभम दुबे को बल्लेबाजी के लिए उतारा गया। शुभम दुबे ने डोनोवन फरेरा के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी की और टीम को 4 गेंद शेष रहते जीत दिला दी। दुबे ने 12 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्के लगाते हुए नाबाद 31 रन बनाए। फरेरा ने नाबाद 52 रन की पारी खेली।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुमार संगकारा ने कहा कि मुझे पता है कि वैभव पर बहुत ध्यान केंद्रित है क्योंकि वह एक शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन जब मैं अपनी टीम को देखता हूं- वैभव, ध्रुव, यश, रियान, फरेरा, दुबे, जडेजा और शनाका तो ये सभी शीर्ष क्रिकेटर हैं।

संगकारा ने दुबे की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा कि मैच में दुबे ने एक 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर आकर जो किया, वह सबसे मुश्किल कामों में से एक है। क्योंकि, आपको पता ही नहीं होता कि आप खेल रहे हैं या नहीं। इसलिए, मानसिक तौर पर वह बेहद मजबूत हैं। वह अपना ध्यान बनाए रख पाए और मैदान पर जाकर मैच को हमारी तरफ मोड़ दिया। वह एक बहुत ही मुश्किल स्थिति में खेलने उतरे थे। उन्होंने फरेरा के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि वह जबरदस्त थे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER