कोरिया, 28 अप्रैल 2026
प्रशासन ने शासकीय संपत्तियों के दुरुपयोग पर कड़ी कार्रवाई करते हुए जेल रोड स्थित एक सरकारी आवास को खाली कराकर सील कर दिया। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर कार्यालय के निर्देशन में की गई।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के पालन में शासकीय आवास क्रमांक जी-7 को रिक्त कराने की प्रक्रिया पिछले कई महीनों से जारी थी। इस संबंध में संबंधित व्यक्ति, सहायक उप निरीक्षक श्री लक्ष्मी कश्यप को छत्तीसगढ़ लोक परिसर (बेदखली) अधिनियम 1974 के तहत नोटिस भी जारी किए गए थे।
इसके बाद भी आवास खाली नहीं किए जाने पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ाई। तहसीलदार कोरिया को विधिवत कार्रवाई के निर्देश दिए गए और पुलिस अधीक्षक से आवश्यक बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। मंगलवार, 28 अप्रैल को तहसीलदार बैकुण्ठपुर की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवास को खाली कराया। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त शासकीय आवास का उपयोग व्यावसायिक (किराये) के रूप में किया जा रहा था, जहां कुल 5 किरायेदार रह रहे थे। कार्रवाई के बाद आवास को खाली कराकर सील कर दिया गया है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर ने स्पष्ट किया है कि शासकीय संपत्तियों के दुरुपयोग या अवैध कब्जे के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


.jpg)
.jpg)



.jpeg)