उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन कल से दो दिवसीय श्रीलंका यात्रा पर रहेंगे। पड़ोसी देश की यह उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। वे श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायका से मुलाकात करेंगे। राधाकृष्णन श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिणी अमरसूर्या और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से भी मिलेंगे।
उपराष्ट्रपति भारतीय मूल के तमिल समुदाय के नेताओं और श्रीलंका के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों के तमिल नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। वे कोलंबो में एक सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करेंगे, जहां वे भारतीय आवास परियोजना के तीसरे चरण के तहत भारत सरकार की सहायता से निर्मित घरों को तमिल समुदायों के लाभार्थियों को वर्चुअल माध्यम से सौंपेंगे।
यह दौरा दोनों देशों के बीच हाल ही में हुए उच्च स्तरीय सम्मेलनों के बाद हो रहा है और इससे दोनों देशों के बीच हजारों साल पुराने सभ्यतागत और जन-संबंधों को और मजबूत होने की उम्मीद है।







